ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दहेज प्रताड़ना और साइबर अपराध का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने पहले पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद पत्नी के मायके चले जाने पर उसने कथित तौर पर उसके निजी और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया और अपने परिचितों के बीच वायरल कर दिए। पीड़िता की शिकायत पर सिरोल थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, झांसी जिले के समथर निवासी 24 वर्षीय युवती का विवाह 17 अप्रैल 2024 को ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र स्थित मंगल कॉलोनी निवासी नवीन गुर्जर से हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा और कम सामान लाने को लेकर लगातार ताने देता था।
पीड़िता ने बताया कि 11 मार्च 2026 को पति ने उसके पिता के सामने ही उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पांच दिनों तक उसका इलाज चला। आरोप है कि इस दौरान पति या ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य उसकी सुध लेने अस्पताल नहीं पहुंचा।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़िता अपने मायके चली गई। इसके बाद 8 जुलाई को जब वह दोबारा अपने ससुराल पहुंची तो पति ने उसे घर में प्रवेश तक नहीं करने दिया। इसी दौरान उसे पता चला कि उसके पति ने उसके निजी और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिए हैं और उन्हें अपने परिचितों के बीच भी प्रसारित किया है।
इस घटना से आहत पीड़िता ने सिरोल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और आईटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
