छत्तीसगढ़ में गर्मी अब खतरनाक मोड़ लेने जा रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 15 अप्रैल से प्रदेश के कई हिस्सों में लू (हीट वेव) का असर शुरू हो जाएगा। आने वाले 4 दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे हालात और भी झुलसाने वाले हो जाएंगे।
रायपुर में 41°C, बिलासपुर-दुर्ग में 42°C पार का अलर्ट
राजधानी रायपुर में पारा पहले ही 41°C तक पहुंच चुका है। वहीं बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई इलाकों में तापमान 42°C के पार जाने की संभावना जताई गई है। ये तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा, जिससे लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा।
पूरे प्रदेश में ‘ड्राई’ मौसम, बारिश के कोई आसार नहीं
फिलहाल पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है और आने वाले दिनों में भी राहत के कोई संकेत नहीं हैं। आसमान साफ रहेगा, जिससे सूरज की तपिश और तेज महसूस होगी।
तापमान का ताजा अपडेट
अधिकतम तापमान: 41°C (रायपुर)
न्यूनतम तापमान: 16.5°C (अंबिकापुर)
अगले 2 दिन और बढ़ेगी तपिश
अगले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। इसका सीधा असर तापमान पर पड़ेगा और गर्मी लगातार बढ़ती जाएगी।
लू से बचाव बेहद जरूरी
दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें
लगातार पानी और तरल पदार्थ लेते रहें
हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
