मुंगेली। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (कोटपा कानून) के तहत छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई कर प्रशासन भले ही तंबाकू मुक्त समाज की दिशा में प्रयासों का दावा कर रहा हो, लेकिन जिला मुख्यालय के समीप ग्राम कंतेली स्थित गुरुकुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास संचालित देशी और अंग्रेजी शराब दुकानों को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। विद्यालय के आसपास शराब दुकानों की मौजूदगी ने प्रशासनिक व्यवस्था की प्राथमिकताओं पर चर्चा छेड़ दी है।
ग्राम कंतेली स्थित इस विद्यालय में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, विद्यालय से लगभग सौ से दो सौ मीटर की दूरी पर संचालित शराब दुकानों के कारण विद्यार्थियों को रोजाना असहज वातावरण का सामना करना पड़ता है। जिस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे आवागमन करते हैं, वहां सुबह से ही शराब लेने वालों की आवाजाही और असामाजिक गतिविधियों को लेकर पालकों और ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों और अभिभावकों का कहना है कि एक ओर गुटखा और तंबाकू बिक्री पर कार्रवाई कर प्रशासन सख्ती दिखा रहा है, वहीं दूसरी ओर विद्यालय के नजदीक शराब दुकान का संचालन बच्चों के सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण के सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि विद्यालय जैसे स्थानों के आसपास ऐसे प्रतिष्ठानों की मौजूदगी पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
लोगों ने मांग की है कि विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की पहल की जाए। उनका कहना है कि केवल तंबाकू नियंत्रण के आंकड़ों से नहीं, बल्कि धरातल पर बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने से ही स्वस्थ समाज का उद्देश्य पूरा होगा।
इस मामले में ट्रू सोल्जर से चर्चा के दौरान जिला कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि नियमावली का अवलोकन करने के साथ ही स्थल निरीक्षण कराया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं आबकारी विभाग के जिला अधिकारी रविशंकर साय ने कहा कि वर्तमान में दुकान का संचालन नियमों के अनुसार हो रहा है। उन्होंने बताया कि यदि राज्य सरकार की ओर से कोई निर्देश प्राप्त होते हैं तो उसके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
