रायपुर में वोट चोरी के आरोप और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस आज कलेक्ट्रेट का घेराव करेगी। प्रदर्शन दोपहर में होगा। प्रदेश कांग्रेस के नए प्रभारी सुखदेव भगत भी इसमें शामिल होंगे।
कांग्रेस ने देशभर में चरणबद्ध आंदोलन का कार्यक्रम घोषित किया है। इसके तहत 25 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटियों ने राज्य चुनाव आयोग के कार्यालयों तक मार्च किया था। अब आंदोलन के दूसरे चरण में 28 सितंबर को जिला कांग्रेस कमेटियों को कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन करने के निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में गड़बड़ियों के जरिए वोट चोरी की जा रही है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग भी कर रही है।
सुखदेव भगत की मौजूदगी में होगा प्रदर्शन
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत रविवार को रायपुर पहुंचे हैं। सोमवार को वे पार्टी के अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ कलेक्ट्रेट तक मार्च किया जाएगा।
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायक, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, एसआईआर और मतदाता सूची में बदलाव से जुड़े मुद्दे उठाएंगे।
25 सितंबर को भी राज्य चुनाव आयोग कार्यालय तक निकाला था मार्च
कांग्रेस ने पहले चरण में 25 सितंबर को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया था। उस दिन प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को राज्य चुनाव आयोग के कार्यालयों तक मार्च निकालने का कार्यक्रम दिया गया था। अब जिला स्तर पर कलेक्ट्रेट घेराव को आंदोलन का दूसरा चरण बताया जा रहा है।
देशभर में दो चरणों में प्रदर्शन
कांग्रेस ने 25 सितंबर को राज्य चुनाव आयोग कार्यालयों और 28 सितंबर को जिला कलेक्ट्रेटों तक प्रदर्शन का कार्यक्रम घोषित किया था। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी जिला कांग्रेस समितियों को कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालने के निर्देश दिए थे।
