CG Crime News: महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम झारा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव से कुछ दूरी पर स्थित नाले के किनारे रेत में दफन एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस जांच के बाद मृतका की पहचान 18 वर्षीय भारती टंडन के रूप में हुई है। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और शरीर पर संघर्ष के निशान मिलने से हत्या की पुष्टि हुई है, वहीं दुष्कर्म की आशंका को लेकर भी जांच जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर ग्रामीण नाले की ओर गए थे, जहां उन्हें तेज बदबू महसूस हुई। पास जाकर देखने पर रेत से मानव शरीर का हिस्सा बाहर दिखाई दिया। सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि शव युवती का है, जिसे रेत में दबाने की कोशिश की गई थी। शव के कुछ हिस्सों को जंगली जीव नुकसान पहुंचा चुके थे और घटनास्थल से युवती के कपड़े भी अलग स्थान पर मिले।
युवती के सिर पर मिला छह इंच लंबा गहरा घाव
CG Crime News: पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार को हुई जांच में डॉक्टरों ने युवती के सिर पर करीब छह इंच लंबा गहरा घाव पाया, जिससे खोपड़ी की हड्डी भी टूट गई थी। जांघों पर खरोंच के निशान भी मिले हैं। इसी आधार पर पुलिस हत्या के साथ दुष्कर्म की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है। युवती के आंतरिक अंगों के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं।
प्रेम संबंध की जताई जा रही आशंका
परिजनों के अनुसार भारती टंडन का 19 जून को 18वां जन्मदिन था। उसी रात वह घर से अचानक लापता हो गई थी। बताया जा रहा है कि उसका एक युवक के साथ प्रेम संबंध था और आशंका जताई जा रही है कि वह उससे मिलने के लिए घर से निकली थी। जब अगले दिन तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने तलाश शुरू की और बाद में खल्लारी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
दो दिन बाद नाले में मिली लाश
CG Crime News: करीब दो दिन बाद 22 जून को उसका शव नाले की रेत में दबा मिला। मृतका 11वीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुकी थी और इस वर्ष 12वीं में प्रवेश लेने वाली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस युवती के संपर्क में रहने वाले कुछ युवकों से पूछताछ कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
