तमिलनाडु में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की हैरान करने वाली खबर सामने आई है. तिरुवल्लुर जिले में कथित तौर पर यौन उत्पीड़न की शिकार हुई 3 साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई. जिससे पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया है. महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर चिंता फिर से गहरा गई है.
पुलिस ने बताया पीड़िता बिहार की है. उसका परिवार तिरुवल्लुर जिले के गुम्मिडीपोंडी में स्थित औद्योगिक क्षेत्र में रह रहा है. रविवार को झाड़ियों में बच्ची गंभीर हालत में मिली थी. उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सोमवार को उसने दम तोड़ दिया. पुलिस ने इस मामले में बिहार के एक प्रवासी मजदूर को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार आरोपी बच्ची को जानता था और उसने बिस्कुट का लालच देकर उसे अपने साथ ले जाकर यौन उत्पीड़न किया. एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा, बच्ची उसे जानती थी. उसने बिस्कुट देने का लालच दिया, उसे अपने साथ ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ की. अधिकारी ने इस मामले में एक से अधिक लोगों की संलिप्तता की आशंका को खारिज करते हुए कहा, यह सामूहिक बलात्कार का मामला नहीं है. इसमें केवल एक व्यक्ति शामिल था. शुरूआत में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था. बच्ची की मौत के बाद अब इसमें हत्या की धाराएं भी जोड़ी जाने की संभावना है.
बताया जा रहा है कि आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया. घटना से गुस्साए लोगों ने कुछ अन्य संदिग्धों के साथ मारपीट भी की. स्थानीय निवासी इंदुमति ने बताया कि बच्ची उनके घर के पास खेल रही थी, तभी आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. बाद में शौच के लिए झाड़ियों तरफ गई एक महिला ने उसे लहूलुहान हालत में झाड़ियों में पाया
