बालोद। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और बालोद जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा के दौरे से मंगलवार को जिले की सियासत गरमा गई। भाजपा ने शहर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। वहीं, डिप्टी सीएम को काले झंडे दिखाने की तैयारी कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि उसके कई कार्यकर्ताओं को घरों से उठाकर नजरबंद किया गया है।
विजय शर्मा ने खुद संभाली पदयात्रा की कमान
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बालोद में आयोजित पदयात्रा में शामिल हुए। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों से निकली इस यात्रा की अगुवाई उन्होंने खुद की। इस दौरान वे भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पैदल चलते नजर आए। यात्रा में कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। भाजपा के महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।
कांग्रेस पर बरसे शर्मा, बोले- देश में श्रीलंका जैसी अराजकता नहीं आने देंगे
पदयात्रा से पहले कुर्मी भवन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सड़कों पर इसलिए उतरी है, ताकि देश में श्रीलंका, जर्मनी और फ्रांस जैसी अराजक स्थिति पैदा न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार झूठ फैलाकर जनता को गुमराह कर रही है। प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग करने वाले कांग्रेस नेता बेबुनियाद बातें कर रहे हैं। भाजपा जनता के बीच जाकर कांग्रेस के कथित झूठ को उजागर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का झूठ का पुलिंदा अब आगे नहीं चलने दिया जाएगा।
‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ के पोस्टरों से सजा बालोद
विजय शर्मा के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिला मुख्यालय के प्रमुख चौक-चौराहों पर ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ और ‘मोदी यही है’ लिखे पोस्टर और बैनर लगाए गए। इन पोस्टरों के जरिए भाजपा ने अपने राजनीतिक संदेश को प्रमुखता से प्रदर्शित किया।
कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन से पहले पुलिस की घेराबंदी
डिप्टी सीएम के दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी में थे। इसे देखते हुए पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया। कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उसके कई कार्यकर्ताओं को घरों से उठाकर नजरबंद किया गया है।
