रायपुर। रायपुर नगर निगम ने घड़ी चौक स्थित होटल अमृतसरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है और संचालक पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई लंबे समय से निगम का बकाया न चुकाने और निरीक्षण के दौरान गंभीर स्वच्छता उल्लंघन सामने आने के बाद की गई।
नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में होटल परिसर में भारी गंदगी, सड़क पर ही किचन का संचालन, अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में भोजन तैयार करना तथा बाथरूम के पास खाद्य सामग्री (बिरयानी) रखे जाने जैसी गंभीर लापरवाहियां पाई गईं।
अधिकारियों के अनुसार, होटल प्रबंधन को इससे पहले भी कई बार नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया गया। लगातार अनदेखी और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन को देखते हुए होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
नगर निगम ने बताया कि होटल अमृतसरी कई वर्षों से निगम का बकायादार था। बार-बार चेतावनी और नोटिस के बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद राजस्व, स्वास्थ्य, बाजार और नगर निवेश विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
इसी अभियान के तहत जोन-4 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गोलबाजार, मालवीय रोड सहित प्रमुख बाजारों में भी स्वच्छता निरीक्षण किया। इस दौरान 17 दुकानों में गंदगी और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कुल 18 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं नगर निवेश विभाग ने सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय संचालित करने वाले लगभग 25 दुकानदारों से 50 हजार रुपये का सड़क बाधा शुल्क वसूला। साथ ही कई स्थानों पर नोटिस जारी कर सामान भी जब्त किया गया।
यह पूरी कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई। अभियान में उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणिग्रही, जोन-4 कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और टीम प्रहरी के सदस्य शामिल रहे।
