रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 के फाइनल मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराकर पहली बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। यह मुकाबला नवा रायपुर स्थित Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में खेला गया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बिलासपुर बुल्स ने रायगढ़ लायंस को निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन पर रोक दिया। रायगढ़ की ओर से नयन राजकुमार चौहान ने 41 रन, संगीत सोनी ने 32 रन और दीपक यादव ने नाबाद 22 रन बनाए। हालांकि टीम का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
बिलासपुर बुल्स के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। भारत गोंडवानी ने सबसे सफल गेंदबाज रहते हुए 3 विकेट झटके, जबकि वरुण सिंह भूई और मोहित राउत ने 2-2 विकेट हासिल किए।
161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स की शुरुआत मजबूत रही। टीम ने 16.3 ओवर में केवल 3 विकेट खोकर 164 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। बल्लेबाजी में वीकल्प तिवारी ने नाबाद 39 रन बनाए, जबकि पवन परनाटे ने 39 रन और प्रतेक यादव ने मात्र 13 गेंदों में 30 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर जीत की नींव रखी।
रायगढ़ लायंस के गेंदबाज बिलासपुर के बल्लेबाजों को रोकने में सफल नहीं हो सके। टीम की ओर से प्रवीण कुमार यादव को एकमात्र विकेट मिला, जबकि अन्य गेंदबाज अपेक्षाकृत महंगे साबित हुए।
मैच में शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए भारत गोंडवानी को “प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया। उन्होंने अपने तीन महत्वपूर्ण विकेटों से रायगढ़ की बल्लेबाजी को बड़ा स्कोर बनाने से रोका और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
CCPL का इतिहास भी दिलचस्प रहा है। वर्ष 2024 में खेले गए पहले सीजन के फाइनल में रायपुर राइनोज ने बिलासपुर बुल्स को 8 विकेट से हराकर खिताब जीता था। वहीं पिछले सीजन में बारिश के कारण फाइनल मुकाबला आयोजित नहीं हो सका था, जिसके चलते रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था।
अब सीजन-3 में बिलासपुर बुल्स ने रायगढ़ लायंस को हराकर पहली बार CCPL ट्रॉफी अपने नाम की है। इस जीत के साथ टीम ने पहले सीजन की हार का हिसाब भी चुकता कर लिया और टूर्नामेंट के इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा दिया।
