नागांव/रायपुर। असम के नागांव जिले में सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना समागुड़ी के बरमा इलाके की बताई जा रही है। पथराव के दौरान काफिले में शामिल एक वाहन के शीशे टूट गए। घटना के बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षाबलों को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
भूपेश बघेल नागांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए इलाके में पहुंचे थे। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, बरमा इलाके में कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाते हुए ‘गो बैक’ के नारे लगाए। इसके बाद दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
कांग्रेस का आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने भूपेश बघेल के काफिले पर पत्थर और बोतलें फेंकीं। घटना के वक्त बघेल के साथ असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, धुबरी सांसद रकीबुल हुसैन और कांग्रेस प्रत्याशी सिबामोनी बोरा भी मौजूद थे।
पुलिस और CRPF ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और CRPF की टीम मौके पर पहुंची। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कांग्रेस नेताओं को सुरक्षा घेरे में वहां से बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, सुरक्षाबलों पर भी पथराव किए जाने की सूचना मिली है।
पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। हालांकि, पथराव की शुरुआत किस पक्ष की ओर से हुई और हिंसा के लिए वास्तविक रूप से कौन जिम्मेदार है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के दौरान कुछ लोगों के चेहरे ढके होने की भी जानकारी सामने आई है। इसके अलावा पत्रकारों के साथ कथित मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ की बात भी कही जा रही है।
गौरव गोगोई ने BJP कार्यकर्ताओं पर लगाया आरोप
घटना के बाद असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर BJP कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए। गोगोई ने दावा किया कि जिस वाहन में वह और भूपेश बघेल मौजूद थे, उस पर पत्थर और बोतलें फेंकी गईं। उन्होंने कहा कि पुलिस से पहले ही भीड़ को नियंत्रित करने का अनुरोध किया गया था।
कांग्रेस ने घटना की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि भूपेश बघेल और गौरव गोगोई पूरी तरह सुरक्षित हैं।
6 अक्टूबर को मतदान, 9 अक्टूबर को मतगणना
नागांव लोकसभा उपचुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। कांग्रेस ने सिबामोनी बोरा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि BJP की ओर से देबाशीष शर्मा चुनाव मैदान में हैं।
