रायपुर। मुख्यमंत्री सूचना प्रौद्योगिकी अध्येतावृत्ति (सीएम-आईटी फेलोशिप) योजना के तहत संचालित एमटेक (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कार्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 13 जुलाई कर दी गई है।
अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) ने बीई और बीटेक अंतिम वर्ष के परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने के कारण देशभर के विद्यार्थियों की मांग पर यह निर्णय लिया है, ताकि सभी पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन का पर्याप्त अवसर मिल सके।
संस्थान के अनुसार कार्यक्रम का पहला बैच राज्य के विभिन्न शासकीय विभागों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीकी समाधान विकसित कर रहा है। विद्यार्थियों ने सरकारी कार्यों को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और तेज बनाने के लिए कई नवाचार तैयार किए हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ वर्षा एप एवं जीआईएस संवाद प्रणाली, बिल्डनेक्स्ट-एमएमएवाय, बिल्डनेक्स्ट-सीजीस्टेट, ई-डिस्ट्रिक्ट एआई मॉड्यूल, आधार पोर्टल ऑटोमेशन, आरटीआई संवाद प्रणाली, राज्य डेटा सेंटर डैशबोर्ड और ई-क्रय संवाद प्रणाली प्रमुख हैं। इनमें कई परियोजनाएं लागू की जा चुकी हैं, जबकि कुछ अंतिम परीक्षण चरण में हैं।
सीएम-आईटी फेलोशिप का उद्देश्य युवाओं को डाटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देकर उन्हें वास्तविक सरकारी परियोजनाओं से जोड़ना है। संस्थान ने संशोधित प्रवेश कार्यक्रम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है।
