रायपुर। छत्तीसगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश सरकार ने इस दौरान कई बड़ी योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत की जानकारी दी है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि डायल 112 आपातकालीन सेवा का विस्तार अब पूरे प्रदेश में किया जा रहा है। पहले यह सुविधा 16 जिलों तक सीमित थी, जिसे अब सभी 33 जिलों में लागू किया जाएगा। 18 मई को रायपुर पुलिस लाइन से डायल 112 की 400 नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई जाएगी। साथ ही सभी जिलों में सर्वसुविधा युक्त वाहन रवाना किए जाएंगे।
इसी दिन राज्य में फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री (FSL) की स्थापना की भी शुरुआत की जाएगी, जिसे कानून-व्यवस्था और जांच व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने आगे बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 18 मई को बस्तर के दौरे पर भी रहेंगे। इस दौरान वे कई विकास और सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे। नेतानार सुरक्षा केंद्र को जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया की शुरुआत भी उनके हाथों की जाएगी। इसके तहत सुरक्षा कैंपों में अस्पताल, स्कूल और आंगनबाड़ी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
इस दौरे के दौरान मुख्य सचिव बस्तर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तृत प्रस्तुति गृह मंत्री को देंगे। अमित शाह शहीद जवानों के परिजनों, नक्सल हिंसा से प्रभावित लोगों तथा नक्सल उन्मूलन अभियान में कार्यरत लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
इसके अलावा 19 मई को वे मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे, जिसमें छत्तीसगढ़ सहित चार राज्यों के मुख्यमंत्री भाग लेंगे। हालांकि, बस्तर में प्रस्तावित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम को मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए रद्द कर दिया गया है।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आईपीएल बंद करने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यदि उनके सुझाव सकारात्मक भावना से दिए गए हैं तो उन पर विचार किया जाना चाहिए।
