जगदलपुर। खरीफ सीजन के बीच किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने नकली और संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद-बीज के कारोबार पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। किसानों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कृषि विभाग ने जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया, जिसमें कई दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं।
जांच अभियान के दौरान अब तक 33 खाद-बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं नियमों का उल्लंघन करने और आवश्यक मानकों का पालन नहीं करने वाले 28 दुकानों में खाद-बीज के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि किसानों तक केवल प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज ही पहुंचे, इसके लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्रवाई के तहत 6 दुकानों से खाद-बीज जब्त कर संबंधित प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं। वहीं एक गंभीर मामले में संबंधित विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके अलावा नियमों के उल्लंघन के चलते दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, जबकि दो अन्य दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं।
कृषि विभाग ने सभी खाद-बीज विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपनी दुकानों में उपलब्ध खाद-बीज का स्टॉक तथा निर्धारित बिक्री मूल्य सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करें। साथ ही किसानों को बिल उपलब्ध कराना और निर्धारित मानकों का पालन करना भी अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, नकली या घटिया गुणवत्ता के खाद-बीज की बिक्री तथा नियमों के उल्लंघन के मामलों में आगे भी लगातार जांच जारी रहेगी और दोषी पाए जाने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि खाद-बीज खरीदते समय पक्का बिल अवश्य लें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर तत्काल कृषि विभाग को इसकी जानकारी दें।
