जांजगीर-चांपा। पुलिस कस्टडी से आरोपी के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुलमुला थाना में अवैध शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस की निगरानी से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आरोपी की निगरानी में तैनात आरक्षक को निलंबित कर दिया है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अमोरा निवासी फणेन्द्र सिह 22 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे से 6 बजे के बीच मुलमुला थाना से फरार हो गया। आरोपी के कस्टडी से गायब होने की जानकारी मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की और आसपास के संभावित ठिकानों पर खोजबीन की जा रही है। मामले में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद आरक्षक को रक्षित केंद्र जांजगीर से संबद्ध किया गया है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पुलिस कस्टडी से किस तरह फरार हुआ। थाना परिसर और आसपास के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही उसके फरार होने की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
