रायपुर। मध्य भारत की अग्रणी और आईएनएस मान्यता प्राप्त मीडिया एजेंसी माहेश्वरी पब्लिसिटी सर्विस ने बदलते दौर के साथ खुद को नए स्वरूप में पेश करते हुए ‘maps:’ नाम से रीब्रांडिंग की घोषणा की है। वर्ष 1964 से विज्ञापन और ब्रांडिंग के क्षेत्र में सक्रिय एजेंसी अब पारंपरिक मीडिया के साथ डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित मार्केटिंग सेवाओं पर भी फोकस करेगी।
एजेंसी के डायरेक्टर्स प्रकाश माहेश्वरी और पंकज माहेश्वरी ने बताया कि आज की युवा पीढ़ी सरल, प्रभावी और कम समय में संदेश देने वाले कम्युनिकेशन को प्राथमिकता देती है। इसी सोच के अनुरूप एजेंसी ने नया नाम ‘maps:’ अपनाया है। उनका कहना है कि जिस तरह नक्शा किसी व्यक्ति को सही मंजिल तक पहुंचाने का मार्ग दिखाता है, उसी तरह ‘maps:’ ब्रांड्स को उनके लक्ष्य तक पहुंचाने का काम करेगा।
उन्होंने बताया कि नए लोगो में जोड़ा गया कोलन (:) केवल डिजाइन का हिस्सा नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाओं और विस्तारित सेवाओं का प्रतीक है। इसके माध्यम से एजेंसी अब ब्रांड कंसल्टेंसी, डिजिटल मार्केटिंग, कंटेंट डेवलपमेंट, इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग और अन्य आधुनिक विज्ञापन सेवाएं भी उपलब्ध कराएगी।
प्रबंधन के अनुसार यह बदलाव केवल नाम या लोगो बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि बदलते बाजार, नई तकनीक और उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए की गई स्ट्रेटेजिक रीब्रांडिंग है। इसका उद्देश्य ब्रांड्स को समय के अनुरूप प्रासंगिक बनाए रखना और उन्हें प्रभावी कम्युनिकेशन के जरिए सही उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है।
एजेंसी ने स्पष्ट किया कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और आउटडोर मीडिया में दशकों से मजबूत उपस्थिति बनाए रखने के साथ अब डिजिटल प्लेटफॉर्म को भी बराबर महत्व दिया जाएगा। लक्ष्य केवल अखबार, होर्डिंग, रेडियो और मैगजीन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ब्रांड्स को सीधे उनके टारगेट ऑडियंस के स्मार्टफोन तक पहुंचाना होगा।
प्रबंधन के मुताबिक प्रत्येक क्लाइंट की जरूरत के अनुसार रिसर्च आधारित मार्केटिंग रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि सही उपभोक्ता तक सही संदेश प्रभावी तरीके से पहुंच सके।
उल्लेखनीय है कि माहेश्वरी पब्लिसिटी सर्विस छह दशक से अधिक समय से मध्य भारत में विज्ञापन और ब्रांडिंग के क्षेत्र में सक्रिय है। छत्तीसगढ़ की पहली आईएनएस मीडिया एजेंसी होने के साथ इसने वर्षों से अपने क्लाइंट्स का भरोसा कायम रखा है। अब ‘maps:’ के रूप में एजेंसी आधुनिक तकनीक और नई सोच के साथ अपनी सेवाओं का विस्तार कर रही है।
