अहमदाबाद में पिछले साल जून में हुए प्लेन क्रैश में क्षतिग्रस्त हुए डॉक्टरों के हॉस्टल की जगह अब नया आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्टल बनाया जाएगा। गुजरात सरकार ने सिविल अस्पताल के पास असरवा स्थित न्यू मेंटल कैंपस में करीब 105 करोड़ की लागत से 9 मंजिला हॉस्टल और कैंटीन ब्लॉक निर्माण को मंजूरी दी है।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रफुल पानसेरिया ने बताया कि हादसे में क्षतिग्रस्त ‘अतुल्यम 1 से 4’ ब्लॉक, कैंटीन और सब-स्टेशन बिल्डिंग के मुआवजे के रूप में टाटा एयरलाइंस स्वास्थ्य विभाग को 53.12 करोड़ की राशि देगी। नए हॉस्टल में 236 डॉक्टरों के रहने की व्यवस्था की जाएगी।
गौरतलब है कि 12 जून 2025 को हुए हादसे के समय हॉस्टल में 92 छात्र मौजूद थे। दुर्घटना के बाद कराए गए स्ट्रक्चरल ऑडिट में इमारत को असुरक्षित घोषित किया गया था, जिसके बाद इसे ध्वस्त करने का निर्णय लिया गया। छात्रों की आवासीय सुविधा प्रभावित न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के निर्देश पर नए हॉस्टल निर्माण को स्वीकृति दी गई।
सरकार के अनुसार नया हॉस्टल मेघाणीनगर के आईजीपी कंपाउंड स्थित न्यू मेंटल कैंपस में बनाया जाएगा। मेडिकल क्षेत्र में बढ़ी 48 सुपर स्पेशियलिटी सीटों को ध्यान में रखते हुए अगले तीन वर्षों में 236 डॉक्टरों के लिए आवासीय सुविधा विकसित की जाएगी। इस परियोजना के लिए सरकार द्वारा जमीन आवंटित कर दी गई है। साथ ही वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में योजना के लिए ₹34.65 करोड़ का प्रावधान भी किया गया है।
नया ‘अतुल्यम 1 से 7’ पीजी हॉस्टल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। 9 मंजिला इस भवन में स्टूडियो अपार्टमेंट शैली के कमरे बनाए जाएंगे, जिनमें लिविंग रूम, किचन, बेडरूम और टॉयलेट की सुविधा होगी। इसके अलावा हॉस्टल में फायर सेफ्टी सिस्टम, आरओ प्लांट, आधुनिक ड्रेनेज व्यवस्था, बेसमेंट पार्किंग, अत्याधुनिक मेस, जिम और रिक्रिएशन रूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
