नई दिल्ली। महीने के पहले ही दिन आम जनता को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। तेल कंपनियों ने कमर्शियल LPG सिलेंडरों की कीमतों में भारी इजाफा कर दिया है, जिससे होटल, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड कारोबार पर सीधा असर पड़ने की आशंका है।
तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के अनुसार 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं 5 किलो के फ्री ट्रेड LPG (FTL) सिलेंडर के दाम में भी 261 रुपये का इजाफा किया गया है। कीमतों में यह वृद्धि ऐसे समय हुई है जब पश्चिम बंगाल, असम समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव संपन्न हुए हैं।
चार महीनों में 1430 रुपये महंगा हुआ सिलेंडर
साल 2026 की शुरुआत से ही कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जनवरी में 19 किलो का सिलेंडर 1669 रुपये में मिल रहा था, जो अब बढ़कर 3099 रुपये तक पहुंच गया है। यानी केवल चार महीनों में ही 1430 रुपये की कुल बढ़ोतरी हो चुकी है।
महीनेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो जनवरी में 111 रुपये, फरवरी में 49.50 रुपये, मार्च में 141.50 रुपये और अप्रैल में 195 रुपये प्रति सिलेंडर दाम बढ़ाए गए थे।
छोटू’ सिलेंडर भी महंगा
कमर्शियल सिलेंडर के साथ-साथ 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर, जिन्हें आम बोलचाल में ‘छोटू सिलेंडर’ कहा जाता है, उनके दाम में भी लगातार वृद्धि देखी जा रही है। 1 अप्रैल 2026 को इसमें 51 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि इस बार 261 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी की गई है।
ये छोटे सिलेंडर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी हैं जिन्हें कम मात्रा में गैस की जरूरत होती है या जो अस्थायी रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान पर रहते हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां भारत पेट्रोलियम (भारत गैस मिनी) और इंडियन ऑयल (इंडेन छोटू) के नाम से ये सिलेंडर उपलब्ध कराती हैं। इन्हें खरीदने के लिए स्थायी पते का प्रमाण देना अनिवार्य नहीं है; उपभोक्ता आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे किसी भी वैध पहचान पत्र के जरिए इन्हें आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में राहत
इस बढ़ोतरी के बीच राहत की बात यह है कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। आखिरी बार 7 मार्च 2026 को इसकी कीमतों में वृद्धि हुई थी।
वर्तमान में दिल्ली में 14.2 किलो का घरेलू सिलेंडर 913 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये, चेन्नई में 928.50 रुपये और कोलकाता में 939 रुपये में उपलब्ध है।
आम जनता पर पड़ेगा असर
विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल LPG की कीमतों में हुई इस तेज बढ़ोतरी का असर जल्द ही आम लोगों की जेब पर दिखाई देगा। होटल और रेस्तरां अपने बढ़े हुए खर्च को ग्राहकों पर डाल सकते हैं, जिससे खाने-पीने की वस्तुएं महंगी हो सकती हैं। चाय, नाश्ते और स्ट्रीट फूड के दाम बढ़ने की भी पूरी संभावना जताई जा रही है।
