बिलासपुर। छत्तीसगढ में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान और तेज गर्म हवाओं के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में हालात बेहद कठिन बने हुए हैं। बुधवार को कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। साथ ही मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक 20 मई को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मुंगेली में 43.9 डिग्री, सक्ति में 43.8 डिग्री, बालोद और कबीरधाम में 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर साफ देखने को मिला, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा।
वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी और लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर रहे।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में लू चलने की आशंका जताई है। इसके साथ ही रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान में बताया गया है कि 21 मई को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि लोग दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में बारिश की गतिविधियां भी बेहद कम बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश जरूर दर्ज की गई, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं।
