मुंगेली। संविधानोत्सव समिति मुंगेली के तत्वावधान में रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर करही, मुंगेली में विश्वरत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा परिसर “जय भीम” तथा “जय संविधान” के नारों से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कार्यक्रम स्थल पहुंचते ही जोरदार आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के बीच अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। अतिथियों को गजमाला पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन शैलेश कुर्रे “विद्रोही” ने किया, जिन्होंने अपने ओजस्वी शब्दों से पूरे आयोजन में ऊर्जा और उत्साह बनाए रखा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि भारतीय संविधान, सामाजिक न्याय और समानता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकार पहुंचाने में बाबा साहेब का योगदान अतुलनीय है।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम बताया था और युवाओं को उनके विचारों पर चलने की आवश्यकता है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुंगेली में बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा स्थापित होना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बाबा साहेब ने वंचित वर्ग को सम्मान और अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया।
विधायक धरम लाल कौशिक ने कहा कि संविधान भारत की सबसे बड़ी ताकत है और बाबा साहेब का योगदान सदैव अमर रहेगा। विधायक पुन्नू लाल मोहले ने कहा कि 26 नवंबर 2024 को की गई घोषणा आज पूर्ण होकर ऐतिहासिक उपलब्धि बन गई है। विधायक सुशांत शुक्ला ने युवाओं से बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया, वहीं विधायक धर्मजीत सिंह ने संविधान को देश की एकता का आधार बताया।
कार्यक्रम में संयुक्त शिक्षक संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष ओमप्रकाश बघेल ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन शिक्षा, संघर्ष और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता है। संविधानोत्सव समिति मुंगेली के संरक्षक मोहन लहरी ने कहा कि यह प्रतिमा केवल मूर्ति नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का प्रतीक है। समिति अध्यक्ष राजकुमार यादव ने सभी अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कार्यकारी जिलाध्यक्ष बलजीत सिंह कांत ने समाज में समानता और भाईचारे का संदेश दिया, जबकि शिक्षक रामप्रकाश डिंडोरे ने बाबा साहेब के शिक्षा दर्शन पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को जागरूक बनने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शांति देवचरण भास्कर, जनपद उपाध्यक्ष पुष्पलता मोहले, जनपद अध्यक्ष पथरिया श्रीमती चितरेखा मनीष जांगड़े एवं जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ओम प्रकाश बघेल, राजकुमार यादव, नारायणी कश्यप, प्रिया यादव, सीता साहू, मनीषा दिवाकर, रंजना सिंह, सुभाषिनी मनहर, शमीम बानो, जलेश्वरी गेंदले, मोहन लहरी, बलजीत सिंह कांत, लक्ष्मीकांत जडेजा, सुनील पात्रे, अजीत बघेल, अरविन्द बंजारा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
