सूरजपुर। जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के देवनगर का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात संतलाल नामक व्यक्ति ने नशे की हालत में अपनी 40 वर्षीय पत्नी चिंतामनी के साथ विवाद के दौरान मारपीट की। पिटाई इतनी गंभीर थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मृतिका के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं, साथ ही निजी अंगों में सूजन भी देखी गई है, जिससे घटना को लेकर संदेह और गहरा गया है।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है और आरोपी पति द्वारा नशे में वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने निजी अंगों पर किसी प्रकार के आपत्तिजनक हमले की पुष्टि से इनकार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
