रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के ठिकाने पर छापा मारा। गंज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीमों ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव के मकान में दबिश दी, जहां जांच के दौरान करोड़ों की संपत्ति और महंगी गाडिय़ों का पता चला।
पुलिस की करीब 10 टीमों ने सर्च वारंट के साथ कार्रवाई की। मौके पर आरोपी की मां और परिवार की अन्य महिलाएं मौजूद थीं। तलाशी के दौरान बीएमडब्ल्यू, क्रेटा सहित पांच लग्जरी कारें बरामद की गईं। इसके अलावा रविभवन क्षेत्र में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा मार्ग पर करीब एक एकड़ जमीन होने की जानकारी सामने आई है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि बाबू और उसके भाई करण ऑनलाइन सट्टा संचालन के लिए 50 से अधिक फर्जी आईडी का उपयोग करते थे। साथ ही लेन-देन के लिए कई म्यूल बैंक खातों का भी सहारा लिया गया। पुलिस अब आरोपियों और उनके परिजनों के बैंक खातों के ट्रांजेक्शन की गहन जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि बाबू पहले महादेव सट्टा एप से जुड़ा हुआ था, बाद में उसने खुद का नेटवर्क खड़ा कर लिया। सोशल मीडिया पर खुद को इन्फ्लुएंसर बताने वाला बाबू आपत्तिजनक और अभद्र वीडियो भी पोस्ट करता था, जिनकी जांच भी की जा रही है।
इस मामले में शहर के एक पूर्व महापौर के रिश्तेदार के साथ उसके संबंधों की भी चर्चा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इससे पहले कबीर नगर क्षेत्र में सट्टे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान इस बड़े नेटवर्क का सुराग मिला था, जिसमें उसका चचेरा भाई भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कडिय़ां जोड़ते हुए अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है।
