रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर का पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग शहर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से किए गए पौधरोपण कार्यों की सतत निगरानी कर रहा है। वर्ष 2022-23 के दौरान बल्क प्लांटेशन पद्धति के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर सघन पौधरोपण किया गया था, जिसके अंतर्गत लगाए गए पौधों की अब व्यवस्थित गणना और सत्यापन का कार्य किया जा रहा है।

इसी कड़ी में लाभांडी स्थित संकल्प सोसायटी में रोपित पौधों की गिनती का कार्य तेजी से जारी है। विभागीय टीम द्वारा प्रत्येक पौधे को टेंगिंग (टैगिंग) कर चिन्हित किया जा रहा है और उनकी संख्या का विधिवत रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के माध्यम से न केवल पौधों की वास्तविक संख्या का आकलन हो रहा है, बल्कि उनकी वर्तमान स्थिति और जीवित रहने की दर (सर्वाइवल रेट) का भी मूल्यांकन किया जा रहा है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह पहल पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ पौधरोपण अभियानों की सफलता का वैज्ञानिक आकलन करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भविष्य में पौधरोपण योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। साथ ही, पौधों के संरक्षण, देखभाल और नियमित निगरानी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार हो और पर्यावरण संतुलन मजबूत बना रहे।

नगर निगम का यह प्रयास शहरवासियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।
