पाकिस्तान के पूर्व राजनयिक अब्दुल बासित ने भारत को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने शुक्रवार को एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि अगर अमेरिका या इजराइल, पाकिस्तान पर हमला करता है तो पाकिस्तान को बिना सोचे-समझे भारत पर हमला कर देना चाहिए।
बासित ने कहा कि ऐसे हालात में भारत सबसे आसान रास्ता हो सकता है। उन्होंने यहां तक कहा कि पाकिस्तान को मुंबई और दिल्ली जैसे बड़े शहरों को निशाना बनाने से पीछे नहीं हटना चाहिए।
अब्दुल बासित 2014 से 2017 तक भारत में पाकिस्तान के हाई कमिश्नर रहे थे। इस बयान के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों और विशेषज्ञों ने चिंता जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के बयान भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा सकते हैं। खासकर तब, जब दोनों देश परमाणु ताकत रखते हैं।
