रायपुर। इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध जैसे हालातों से बनी अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच छत्तीसगढ़ में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सीमित कर दी गई है। इसका असर मुख्य रूप से होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ रहा है।
हालांकि राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि आम उपभोक्ताओं के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है। प्रशासन ने कालाबाजारी और दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर भी जारी किया गया है।
राज्य में घरेलू एलपीजी गैस और डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता की समीक्षा के लिए मंत्रालय महानदी भवन में खाद्य, नागरिक आपूर्ति-उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में संचालित सभी 5 एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और इसकी आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। अधिकारियों को गैस की दैनिक आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मीटिंग में खाद्य सचिव ने कहा कि रोजाना आपूर्ति सुचारू बनी रहे और किसी भी उपभोक्ता को गैस या ईंधन की कमी का सामना न करना पड़े। आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 भी जारी किया गया है।
एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में पर्याप्त गैस स्टॉक मौजूद
बैठक में यह भी बताया गया कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थाओं को ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खाद्य सचिव ने कहा कि परीक्षाओं के समय स्कूल और छात्रावासों को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरतमंद होटलों आदि को 15% तक कमर्शियल सप्लाई दी जा सकती है।
जिलों में एलपीजी गैस के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए भी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।
बैठक में डीजल, पेट्रोल और सीएनजी गैस की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के सभी डिपो में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और दैनिक आपूर्ति पर निगरानी जारी रहेगी।
शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर जारी
रीना कंगाले ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि एलपीजी गैस और डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। लोग गैस एजेंसी के जरिए सिलेंडर समय पर ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी को आपूर्ति में परेशानी या शिकायत हो, तो टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर कॉल कर सकते हैं।
