गुरुर। विकासखंड गुरुर अंतर्गत ग्राम दियाबाती निवासी रोशन लाल साहू ने भारतीय सेना में 20 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं देने के पश्चात अपने गृह ग्राम वापसी की। गांव पहुंचने पर उनका सामाजिक एवं पारिवारिकजनों द्वारा आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
रोशन लाल साहू के पिता राजकुमार साहू एवं माता मालती बाई हैं। साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा का संकल्प लिया और उसे पूर्ण निष्ठा के साथ निभाया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक प्रशिक्षण के पश्चात उनकी पहली पोस्टिंग श्रीनगर के गुलमर्ग क्षेत्र में हुई। इसके बाद उन्होंने पश्चिम बंगाल के डगाडोमी, पंजाब के गुरदासपुर, पुनः श्रीनगर, असम के डाम डिमी तथा महाराष्ट्र के नासिक सहित विभिन्न राज्यों में अपनी सेवाएं दीं।
रोशन साहू ने कहा कि देश सेवा करना अपने आप में सौभाग्य की बात है। एक जोश और जुनून के साथ मातृभूमि की रक्षा करने का जो अनुभव है, वह शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। सेना में बिताए गए 20 वर्ष उनके जीवन के सबसे गौरवपूर्ण क्षण रहे।
सेवा निवृत्ति के पश्चात गांव आगमन पर साहू समाज के जिला साहू संघ अध्यक्ष महेंद्र साहू,गुरुर तहसील साहू संघ अध्यक्ष मिथलेश साहू सचिव खेदूराम साहू न्याय प्रकोष्ठ संयोजक रामदयाल साहू, संयुक्त सचिव घनाराम साहू, सह संयोजक न्याय प्रकोष्ठ एवं पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष धनसाय साहू, नीलाम्बर साहू, मनहरण साहू, होमन साहू, बसंत साहू सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं पारिवारिकजनों ने पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
