सक्ती। जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती को जिंदा जलाने का गंभीर आरोप लगाया गया है। मृतिका की मां ने इस मामले में नामजद शिकायत दर्ज कराते हुए हत्या का मामला कायम करने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
होटल में बुलाकर वारदात का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, 24 जनवरी को सक्ती स्थित शिवम होटल में यह कथित घटना हुई। मृतिका की पहचान दिशा मरावी के रूप में हुई है। उनकी मां मीना मरावी का आरोप है कि उनकी बेटी को होटल में बुलाया गया, जहां उस पर तारपीन तेल डालकर आग लगा दी गई।
इन लोगों पर लगे गंभीर आरोप
शिकायत में योगेंद्र कुमार साहू पर मुख्य रूप से दिशा मरावी को जलाने का आरोप लगाया गया है। वहीं, महेंद्र सिदार और आशीष पटेल पर इस पूरी घटना में साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
CCTV फुटेज और चैट से उठे सवाल
घटना के बाद एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें जली हुई हालत में युवती को कार से अस्पताल ले जाते हुए देखा जा रहा है। इसी फुटेज में दिशा मरावी और आशीष पटेल की मौजूदगी भी बताई जा रही है।
इसके अलावा 23 और 24 जनवरी की कथित वायरल चैट में दोनों पक्षों के बीच विवाद के संकेत मिलने की बात भी सामने आई है।
पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
मृतिका की मां मीना मरावी ने सक्ती थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है और मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की बात कही जा रही है।
