रायपुर । राजधानी रायपुर में नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर एक बार फिर चिंता गहराने लगी है। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें युवक कथित तौर पर सिंथेटिक ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। वायरल क्लिप्स में मोबाइल फोन की मदद से ड्रग की लाइन तैयार कर सेवन करते युवकों की गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं, जिससे सार्वजनिक स्थानों पर नशे के बढ़ते चलन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के बाद शहर को पश्चिमी, मध्य और उत्तरी जोन में बांटकर पुलिस तंत्र को मजबूत किया गया है। तीन डीसीपी, तीन एडीसीपी और तीन एसीपी स्तर के अधिकारी कानून-व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। इसके बावजूद नशे के खिलाफ लड़ाई अब भी चुनौती बनी हुई है। रायपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं, और विभिन्न थाना क्षेत्रों में गांजा, ब्राउन शुगर व प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। इसी बीच एक नए वायरल वीडियो ने हलचल बढ़ा दी है। इसमें कृष्णकांत साहू नामक युवक कथित रूप से ड्रग्स लेते दिख रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जो पहले से अवैध गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहा है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इसी इलाके में मुकेश बनिया नामक एक कथित हिस्ट्रीशीटर का नशे का नेटवर्क सक्रिय रहा है। ऐसे में ड्रग सेवन का वीडियो सामने आना स्थिति की गंभीरता को दशार्ता है।
सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि वीडियो सामने आने के बाद भी थाना प्रभारी सतीश सिंह गहरवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। न ही अब तक किसी प्रारंभिक कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी मिली है। इससे लोगों के बीच कार्रवाई में देरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ अभियान जारी होने की बात कही जा रही है, लेकिन लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो यह संकेत देते हैं कि नेटवर्क पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अब नजर इस पर टिकी है कि वायरल वीडियो के मामले में पुलिस और क्राइम ब्रांच किस तरह की जांच और आगे की कार्रवाई करती है। फिलहाल, इस घटना ने राजधानी में नशे के खिलाफ जंग की हकीकत को फिर उजागर कर दिया है।
