रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के तिलक नगर शासकीय स्कूल को आज एक बड़ी सौगात मिली। पूर्व केबिनेट मंत्री एवं रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत और नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन शेड का लोकार्पण किया। इस शेड से स्कूल के सैकड़ों विद्यार्थियों को अब भीषण गर्मी और बरसात से राहत मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, जोन अध्यक्ष, पार्षदगण, स्कूल प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों की मांग पर तुरंत घोषणा
कार्यक्रम के दौरान विधायक राजेश मूणत ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनकी आवश्यकताएं जानीं। एक छात्र की मांग पर उन्होंने विधायक निधि से 5 लाख रुपये की राशि स्कूल में कंप्यूटर क्रय के लिए देने की घोषणा की।
इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी ऐलान किया कि बोर्ड परीक्षा में टॉप-10 में आने वाली स्कूल की बालिका छात्रा को स्कूटी प्रदान की जाएगी।
“सभी शासकीय स्कूल बनें सर्वसुविधायुक्त” – राजेश मूणत
विधायक राजेश मूणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम क्षेत्र के सभी शासकीय स्कूलों को आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को बेहतर वातावरण देना आवश्यक है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
महापौर का संदेश: मन लगाकर पढ़ें, सपनों को दें उड़ान
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि तिलक नगर स्कूल को यह नया शेड विधायक की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने और श्रेष्ठ नागरिक बनने का आह्वान किया।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने कहा कि रायपुर पश्चिम में शासकीय स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बेहतर परिणाम लाने और शिक्षकों से समर्पित शिक्षण का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र वितरण
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना – मोर मकान मोर जमीन घटक के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण हेतु भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र ससम्मान प्रदान किए गए।
