वॉशिंगटन/तेहरान। अमेरिका ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों को तत्काल देश छोड़ने की सलाह दी है। अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी इस परामर्श में कहा गया है कि क्षेत्र में सुरक्षा हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं, ऐसे में अमेरिकी नागरिक अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
बीते कई दिनों से अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। दोनों देशों के बीच जारी तनातनी के चलते पश्चिम एशिया क्षेत्र में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। इसी पृष्ठभूमि में अमेरिका ने यह कदम उठाया है।
अमेरिकी अधिकारियों ने ईरान में रह रहे नागरिकों से कहा है कि वे उपलब्ध वाणिज्यिक साधनों के जरिए जल्द से जल्द देश छोड़ने की व्यवस्था करें। साथ ही, स्थानीय घटनाक्रम पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में अमेरिकी मिशनों से संपर्क में रहने की अपील की गई है।
