छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सली कमांडर उधम सिंह का एनकाउंटर कर दिया है। उधम सिंह साल 2021 में हुए टेकुलगुड़ेम एनकाउंटर में शामिल था। जहां नक्सली हमले में 22 जवान शहीद हुए थे। इसके साथ ही वह कई वारदातों में शामिल रहा।
DVCM उधम सिंह प्लाटून नंबर 30 का कमांडर था और वह जागूरगुंडा एरिया कमेटी का कमांडर भी था। इस पर 8 लाख का इनाम था। बता दें कि छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में गुरुवार (5 फरवरी) सुबह साढ़े 7 बजे से मुठभेड़ चल रही है।
डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और CRPF कोबरा के जवानों ने साउथ बस्तर के पेद्दागेलूर जंगल क्षेत्र में नक्सलियों को घेर रखा है। दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग हो रही है।मौके से एक AK-47 राइफल भी बरामद की गई है। घटना तरेम थाना क्षेत्र की है।
साल 2021 में हुई थी 22 जवानों की शहादत
3 अप्रैल 2021 को बीजापुर और सुकमा जिले से लगे तर्रेम के टेकलगुड़ुम गांव में हुए मुठभेड़ में 22 जवान शहीद हुए थे। NIA की जांच में यह बात सामने आई थी कि जवानों पर करीब 350 से 400 नक्सलियों ने हमला किया था और उनके हथियार भी लूट लिए थे।
नक्सलियों ने जवानों पर बैरल ग्रेनेड लांचर (बीजीएल) और स्वचालित हथियारों से हमला किया था। यह हमला नक्सलियों ने अपने टीसीओसी (टैक्टिकल काउंटर ऑफेंसिव कैंपेन) तहत किया था।
हथियारों के साथ नक्सली करेंगे सरेंडर
जिले में आज बड़ी संख्या में नक्सली आत्मसमर्पित करने जा रहे है। इनमें नार्थ और साउथ बस्तर में सक्रिय बड़े नक्सली भी शामिल है जो बस्तर IG सुंदरराज पी और बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव के सामने हथियार डाल देंगे।
