बीजापुर। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र बॉर्डर पर स्थित बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया है। मौके से दोनों नक्सलियों के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। मृत नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इनमें से एक शव को नेशनल पार्क एरिया कमेटी चीफ दिलीप वेंडजा का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, इलाके में शीर्ष नक्सली लीडर पापाराव के साथ बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। अभियान के दौरान जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि पापाराव दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का इकलौता सदस्य है और क्षेत्र का इंचार्ज भी है। मुठभेड़ स्थल से एके-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। शनिवार सुबह से ही सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग जारी है।
Read Also- डॉग बाइट पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: प्रभावितों को मिलेगा मुआवजा, डॉग लवर्स को भी दी चेतावनी
डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवान नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान चला रहे थे, इसी दौरान नक्सलियों की बड़ी टुकड़ी से मुठभेड़ हुई। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और मारे गए नक्सलियों के शवों की बरामदगी के साथ-साथ अन्य नक्सलियों की तलाश तेज कर दी गई है।
बीजापुर पुलिस ने जारी प्रेस नोट में बताया कि अभियान अब भी जारी है। जवानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुठभेड़ के स्थान, ऑपरेशन में शामिल बलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारियां फिलहाल सार्वजनिक नहीं की जा सकतीं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभियान के पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
