रायपुर/आरंग। रायपुर-आरंग नेशनल हाईवे-53 एक बार फिर रफ्तार की भेंट चढ़ गया। शुक्रवार सुबह आरंग थाना क्षेत्र के निसदा मोड़ के पास तेज रफ्तार मुरुम लोड हाईवा ने बाइक सवारों को बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। मृतकों में 6 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। हादसा इतना भयावह था कि शव टुकड़ों में बंट गए और सड़क खून से लाल हो गई।
मछली पकड़ने निकले थे, मौत ने रास्ता रोक लिया
मृतकों की पहचान श्रवण जलक्षत्री (40), मंगलू जलक्षत्री (28) और तिलक जलक्षत्री (6) के रूप में हुई है। तीनों आरंग के बागेश्वर पारा के निवासी थे। श्रवण और मंगलू पिता-पुत्र थे। शुक्रवार तड़के तीनों बाइक से मछली पकड़ने निकले थे, लेकिन नियति ने उन्हें मंज़िल तक पहुंचने से पहले ही छीन लिया।
रॉन्ग साइड बाइक, तेज रफ्तार हाईवा—टक्कर ने ली तीन जानें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक रॉन्ग साइड से पुल की ओर जा रही थी। इसी दौरान महासमुंद की ओर से आ रहा मुरुम लोड हाईवा बेहद तेज रफ्तार में था। चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर उछलकर गिरे और हाईवा का टायर चढ़ जाने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद भागा ड्राइवर, हाईवा छोड़कर फरार
हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन सड़क पर ही छोड़ दिया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। दृश्य इतना भयावह था कि हर आंख नम हो गई।
आक्रोशित ग्रामीणों का चक्काजाम, मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग
घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-53 पर चक्काजाम कर दिया। मुआवजा और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी हुई। सूचना पर आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद जाम खुलवाया।
FIR दर्ज, हाईवा जब्त, आरोपी की तलाश जारी
आरंग पुलिस के अनुसार आरोपी चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। हाईवा को जब्त कर लिया गया है और फरार ड्राइवर की तलाश जारी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
