रायपुर। राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रंग में रंगने जा रही है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को खेले जाने वाले भारत–न्यूजीलैंड टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हालात ऐसे हैं कि टिकट बिक्री शुरू होते ही दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी और महज कुछ ही मिनटों में कई कैटेगरी की टिकटें सोल्डआउट हो गईं।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) द्वारा 15 जनवरी की शाम 7 बजे से ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू की गई। बुकिंग शुरू होते ही सर्वर पर दर्शकों का दबाव साफ नजर आया। बुकिंग काउंटर खुलने के मात्र 30 मिनट के भीतर 2000 रुपए वाली जनरल अपर स्टैंड (2 और 4) की सभी टिकटें बिक गईं। इसके साथ ही वीआईपी टिकट भी हाथों-हाथ निकल गईं, जिससे मैच की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
Read Also- बिना तलाक दूसरी पत्नी-बच्चों को नहीं मिलेगा कानूनी हक- हाईकोर्ट
संघ ने दर्शकों की सुविधा और उनकी जेब को ध्यान में रखते हुए टिकटों को अलग-अलग श्रेणियों में रखा है। जनरल स्टैंड की टिकटों की कीमत 2000 से 3500 रुपए के बीच तय की गई है। वहीं, छात्रों के लिए यह मुकाबला देखने का सुनहरा अवसर दिया गया है। अपर स्टैंड-3 में छात्रों के लिए 800 रुपए की करीब 2500 टिकटें आरक्षित की गई हैं, जिन्हें लेकर छात्रों में खासा उत्साह है।
टिकटों की निर्धारित दरें इस प्रकार हैं—
अपर स्टैंड- 3 (छात्र): 800 रूपए
अपर स्टैंड- 2/4: 2000 रूपए
अपर स्टैंड- 1/5/6/10: 2500 रूपए
लोअर स्टैंड- 2/4/7/9: 2500 रूपए
लोअर स्टैंड- 5/6: 3000 रूपए
लोअर स्टैंड- 10A/10B: 3500 रूपए
ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले दर्शकों को 16 जनवरी से 22 जनवरी तक अपने फिजिकल टिकट बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम से प्राप्त करने होंगे। इसके लिए स्टेडियम परिसर में 8 विशेष काउंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा, CSCS ने यह भी घोषणा की है कि मैच के दिन स्टेडियम के पास भी फिजिकल टिकट काउंटर खोले जाएंगे, ताकि अंतिम समय में आने वाले दर्शकों को परेशानी न हो।
