बालोद। गुरुर ब्लॉक के अंतर्गत घानापूरी मोड़ से कंकालीन मोड़ तक की सड़क इन दिनों क्षेत्रवासियों के लिए भारी परेशानी और खतरे का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े और गहरे गड्ढों ने इस मार्ग को मानो मौत का रास्ता बना दिया है। हालात ऐसे हैं कि इस सड़क से गुजरने वाले राहगीर जान हथेली पर रखकर सफर करने को मजबूर हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस मार्ग पर आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में फिसलकर गिर रहे हैं, वहीं चारपहिया वाहन भी असंतुलित होकर हादसे का शिकार हो रहे हैं। कई बार लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
बारिश के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र की प्रमुख संपर्क सड़क है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चे, किसान, मजदूर और आम नागरिक प्रतिदिन आवागमन करते हैं। खराब सड़क के कारण न केवल दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है, बल्कि लोगों को समय और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों में इस समस्या को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस सड़क की जल्द मरम्मत कराकर नए सिरे से निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक मौन तोड़ते हैं और इस जानलेवा सड़क से लोगों को राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाते हैं।
