रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए ऐतिहासिक और रोमांचक खबर सामने आई है। वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की सफल मेजबानी के बाद अब रायपुर पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दो मुकाबलों की मेजबानी करने जा रहा है। इसकी आधिकारिक घोषणा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कर दी है। मुख्यमंत्री के ऐलान के साथ ही वर्षों से चला आ रहा इंतजार समाप्त हो गया है और प्रदेश में क्रिकेट उत्साह अपने चरम पर पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के सहायक की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के सीईओ से महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इस बैठक में रायपुर में दो आईपीएल मैच आयोजित करने पर सहमति बनी, जिसके बाद अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि 13 साल बाद छत्तीसगढ़ में आईपीएल का रोमांचक आयोजन देखने को मिलेगा।
RCB मैनेजमेंट ने किया मैदान का निरीक्षण
सूत्रों के मुताबिक RCB टीम मैनेजमेंट पहले ही रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण कर चुका है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के साथ भी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब आयोजन को लेकर तैयारियां तेज होने की पूरी संभावना है।
Read Also- IPL 2026 में बड़ा बदलाव: RCB बेंगलुरु छोड़कर नवी मुंबई-रायपुर में खेलेगी होम मैच
2013 के बाद लौट रहा आईपीएल का उत्सव
गौरतलब है कि रायपुर में आखिरी आईपीएल मुकाबला वर्ष 2013 में खेला गया था, जब दिल्ली कैपिटल्स (DC) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) आमने-सामने थे। इसके बाद से ही छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रशंसक IPL की वापसी का इंतजार कर रहे थे, जो अब जाकर पूरा होने वाला है।
BCCI के अधीन, अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्टेडियम
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब पूरी तरह से बीसीसीआई के अधीन है और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसी कारण अब यहां न केवल IPL, बल्कि भविष्य में भी बड़े क्रिकेट आयोजनों की मेजबानी की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
विराट कोहली को एक्शन में देखने की उम्मीद
रायपुर में यदि आरसीबी के मुकाबले होते हैं तो क्रिकेट प्रेमियों को विराट कोहली सहित टीम के तमाम सितारों को लाइव एक्शन में देखने का सुनहरा मौका मिलेगा। यही वजह है कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद से ही शहर और प्रदेशभर में IPL को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
Read Also- भावनाएं सिर्फ कुत्तों के लिए क्यों? बच्चे पर हमला हो तो कौन जिम्मेदार – सुप्रीम कोर्ट
रायपुर फिर बनेगा क्रिकेट के बड़े आयोजनों का केंद्र
मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक ऐलान के साथ यह साफ हो गया है कि रायपुर एक बार फिर देश के बड़े क्रिकेट आयोजनों के नक्शे पर मजबूती से उभरेगा और छत्तीसगढ़ के लाखों क्रिकेट प्रशंसकों को आईपीएल का लाइव रोमांच अपने ही शहर में देखने का अवसर मिलेगा।
