रायगढ़, 20 जुलाई 2025। एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने एक किशोरी से सड़क पर की गई छेड़छाड़ की गंभीर वारदात में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जांजगीर में आयोजित आरसेटी बाजार में तीन जिलों की बिहान दीदियों ने दिखाए अपने उत्पाद, जैविक राखियों और खाद्य उत्पादों की रही खास मांग
घटना 19 जुलाई की है, जब पीड़िता स्कूल से पैदल लौट रही थी। रास्ते में बिजली ऑफिस, घरघोड़ा के सामने मेन रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने उस पर अश्लील टिप्पणी की और जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
परिजनों की मदद से आरोपियों की पहचान
20 जुलाई को पीड़िता ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि दोनों युवक तमनार रोड की ओर से आए थे और पल्सर बाइक पर सवार थे। पीड़िता द्वारा घटना की जानकारी भाइयों को देने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां आरोपियों को फिर देखा गया।
आरोपी अपनी पहचान उजागर होते देख जंगल की ओर फरार हो गए, लेकिन बाइक को वहीं छोड़ गए। बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी, केवल इंस्टाग्राम आईडी का स्टीकर चिपका मिला।
इंस्टाग्राम आईडी से आरोपी ट्रेस, बाइक जब्त
घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम को भेजा। इंस्टाग्राम आईडी के जरिए जांच में दोनों आरोपियों की पहचान की गई। साहिल साहू, पिता स्व. मन्नु साहू, उम्र 20 वर्ष, वार्ड क्रमांक 4, टेलीपारा, कोतबा, वहीं हरि बंजारा, पिता नारायण बंजारा, उम्र 19 वर्ष, वार्ड क्रमांक 11, झिंगरैलपारा, कोतबा, जिला जशपुर के तौर पर हुई है।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 187/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 75(1)(iv), 79, 351(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 12 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनसे घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की सफेद-काली बजाज पल्सर बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस ने विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
