बहेराडीह, जांजगीर। ग्रामीण स्व रोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), जांजगीर द्वारा आयोजित आरसेटी बाजार में जिले की बिहान दीदियों ने अपने हुनर और उत्पादों का शानदार प्रदर्शन किया। इस आयोजन में जांजगीर के अलावा सक्ती और कोरबा जिलों की ग्रामीण महिलाओं ने भी भाग लिया और अपनी आजीविका गतिविधियों से जुड़े उत्पादों की बिक्री की कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के फैकल्टी अरुण कुमार पांडेय ने किया।
स्थानीय महिला उद्यमियों की जीवंत भागीदारी
बलौदा ब्लॉक के कुरदा क्लस्टर अंतर्गत ग्राम बहेराडीह की पशु सखी पुष्पा यादव ने बताया कि उन्होंने दो वर्ष पहले सब्जी खेती और नर्सरी प्रबंधन का प्रशिक्षण लिया था। अब वे जैविक खाद, फल-सब्जी, हर्बल राखी, कपड़ा और देसी बीजों का निर्माण व बिक्री कर रही हैं सक्ति जिले के पलाड़ीकला गांव की एफएलसीआरपी पुष्पा साहू ने कृषि उद्यमिता का प्रशिक्षण लेकर हर्बल राखियों की स्टॉल लगाई, जो किसान स्कूल के साथ मिलकर तैयार की गई थी। नवागढ़ ब्लॉक की नंदनी बघेल ने प्रशिक्षण के बाद जैविक खेती शुरू की और अब धान से बनी रंगीन राखियों का निर्माण कर रही हैं, जिन्हें बाजार में खूब सराहा गया। बम्हनीडीह ब्लॉक के परसापाली की सविता पटेल ने अचार, पापड़ और मसाला पाउडर निर्माण में प्रशिक्षण लेकर उत्पादों की बिक्री कर रही हैं।
शिवरीनारायण: चारागाह भूमि पर अवैध कब्जा, जातिसूचक गाली-गलौज व धमकी का मामला दर्ज, ग्रामीणों में आक्रोश
हर्बल उत्पाद और बांस की वस्तुओं की विशेष मांग
किसान स्कूल टीम से जुड़े मोहनलाल साहू, हेमलता साहू, कृष्ण कुमार कौशिक ने बाजार में हर्बल साबुन, डिटर्जेंट पाउडर, फिनाइल, अगरबत्ती और बांस से निर्मित आकर्षक सामग्री प्रस्तुत की, जिनकी बिक्री ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
समापन और सहभागिता
इस आयोजन को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ राज्य आरसेटी के मास्टर ट्रेनर व एसेसर एस.एस. ठाकुर, दीनदयाल यादव, पूजा विश्वकर्मा, मिथलेश्वरी, योगेश कुमार यादव, दाताराम कश्यप, और बंशीलाल यादव का विशेष योगदान रहा।
आरसेटी बाजार में सक्ती, कोरबा और स्थानीय जिले की दर्जनों गांवों की महिलाएं, युवतियां और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की और अपने उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण का परिचय दिया।
