रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार को तेज बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने एक युवक की जान ले ली। घटना खम्हाड़ीह थाना क्षेत्र की है, जहां सन्नी कुमार बरसेनी नामक युवक छत पर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान आसमान से बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे में सन्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
बिलासपुर रायपुर नेशनल हाईवे पर रसूखदार युवाओं का स्टंट, हाईवे पर किया जाम, वीडियो वायरल
मृतक की पहचान 26 वर्षीय सन्नी कुमार बरसेनी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहने वाला था। वह रायपुर के भावना नगर इलाके में एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी का काम करता था और वहीं रहता भी था। बताया जा रहा है कि सन्नी काम से लौटने के बाद छत पर बैठकर मोबाइल गेम खेल रहा था, तभी तेज बारिश शुरू हो गई और अचानक उसके पास ही आकाशीय बिजली गिरी। बिजली गिरते ही मोबाइल में जोरदार धमाका हुआ और सन्नी छत पर ही बेहोश हो गया।
मकान मालिक और साथियों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश या बिजली गिरने के समय छत पर जाने से बचें और मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल न करें।
