बलौदाबाजार। जिले की बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा साइबर ठगी और डिजिटल फ्रॉड से आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार KHAKI TALKS नामक फेसबुक लाइव जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में शुक्रवार 18 जुलाई को तीसरे एपिसोड का आयोजन किया गया, जिसमें साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 90 लाख की ठगी, रायपुर की महिला अधिकारी बनी साइबर फ्रॉड का शिकार
कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से 4:30 बजे तक बलौदाबाजार पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर लाइव प्रसारित किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता और वित्तीय विशेषज्ञ प्रतीक जॉन ने भाग लिया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोगों ने ऑनलाइन सहभागिता की और साइबर जागरूकता की इस पहल की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने अपने संबोधन में बताया कि कैसे आजकल साइबर ठग शेयर ट्रेडिंग, म्यूल अकाउंट, और क्रिप्टोकरंसी जैसे निवेश माध्यमों का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिक मुनाफे के लालच में लोग बिना जांचे-परखे निवेश कर बैठते हैं और अपनी जमा पूंजी गंवा बैठते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार के निवेश से पहले उस माध्यम की प्रमाणिकता और पंजीयन की पुष्टि अवश्य करें।
फाइनेंशियल एक्सपर्ट प्रतीक जॉन ने बताया कि ठग किस प्रकार फर्जी वेबसाइट्स और मोबाइल ऐप्स के जरिए लोगों को आकर्षक योजनाएं दिखाकर उनके खातों से पैसा निकाल लेते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी लिंक या योजना पर जल्दबाजी में भरोसा न करें और सोच-समझकर ही निवेश करें। उन्होंने आम नागरिकों को भरोसेमंद और पंजीकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही लेन-देन की सलाह दी।
इस फेसबुक लाइव कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधिकारी, पुलिसकर्मी, आम नागरिक, स्टूडेंट्स और सोशल मीडिया यूजर्स ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। इस पहल के माध्यम से पुलिस द्वारा आम जनता को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास सराहनीय माना जा रहा है। KHAKI TALKS का अगला एपिसोड भी जल्द ही आयोजित किया जाएगा।
