मुंबई। बॉलीवुड के चर्चित कपल सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी अब माता-पिता बन चुके हैं। दोनों ने सोशल मीडिया के ज़रिए अपनी ज़िंदगी की इस सबसे बड़ी खुशी को फैंस के साथ साझा किया है। कपल के घर हाल ही में नन्हीं परी का जन्म हुआ है, और इस खबर से फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई है।
फैन्स और मीडिया को सिद्धार्थ की विनम्र अपील
बेटी के जन्म के दो दिन बाद, सिद्धार्थ और कियारा ने मिठाई बांटकर इस खुशी को सभी के साथ सेलिब्रेट किया। इसी के साथ सिद्धार्थ ने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने मीडिया और चाहने वालों से प्राइवेसी बनाए रखने की विनती की।
उन्होंने लिखा:
“हम आपके प्यार और शुभकामनाओं के लिए बेहद आभारी हैं। हमारी ज़िंदगी में यह एक बेहद खास और भावुक पल है। हम पेरेंटहुड की इस यात्रा की शुरुआत अपने परिवार के साथ मिलकर निजी तौर पर करना चाहते हैं। कृपया इस समय हमारी निजता का सम्मान करें और हमारी बेटी या परिवार की कोई भी तस्वीर क्लिक न करें। सिर्फ दुआएं दें — प्यार, कियारा और सिद्धार्थ।”
मां-बेटी दोनों स्वस्थ, जल्द लौटेंगी घर
सूत्रों के अनुसार, कियारा और उनकी बेटी दोनों स्वस्थ हैं, और कियारा जल्द ही अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर लौटेंगी। परिवार की ओर से फिलहाल मीडिया कवरेज से दूरी बनाए रखी जा रही है, ताकि वे अपने इस खास समय को शांति और सुकून से बिता सकें।
