रांची। जन संस्कृति मंच का 17वां राष्ट्रीय सम्मेलन 12 व 13 जुलाई को सोशल डेवलपमेंट सेंटर, रांची (झारखंड) में फासीवाद की विभाजनकारी संस्कृति के खिलाफ सृजन और संघर्ष के संकल्प व आगे की कार्य योजना तथा पदाधिकारियों, राष्ट्रीय कार्यकारिणी व परिषद के चुनाव के साथ संपन्न हुआ। इसमें बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, बिहार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र आदि राज्यों से तीन सौ से अधिक लेखक, कलाकार और बुद्धिजीवी शामिल हुए।
शराब घोटाला मामले में जेल में बंद पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने लगाई जमानत याचिका, हाईकोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए सोशल एक्टिविस्ट डॉ नवशरण सिंह ने कहा कि आज फ़ासीवाद का चौतरफा हमला हो रहा है। आज लोगों का साथ में मिलना-जुलना और बैठना भी आपराधिक गतिविधि मानी जा सकती है। यदि कोई शख्स बुद्धि और विवेक से भरा हुआ है तो वह आपराधिक दायरे में आ चुका है। उमर खालिद को फ़ासीवादियों ने पांच साल से जेल में डाल रखा है। दमन और विभाजन के औजारों का बर्बर इस्तेमाल सत्ता के द्वारा हो रहा है।
नवशरण सिंह ने सीएए के खिलाफ महिलाओं के आंदोलन और किसान आन्दोलन की चर्चा की। इन आंदोलनों में हम जन एकता और संघर्ष की संस्कृति को देखते हैं। हम फ़ासीवादियों की नफ़रत को अपनी विरासत, आपसी मोहब्बत और एकता के सहारे परास्त करेंगे।
सम्मेलन में जसम के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविभूषण ने कहा कि 2014 से पहले स्वाधीन भारत में कभी विभाजनकारी शक्तियां इतनी प्रबल नहीं थीं। भाजपा को बहुमत मिलने के बाद इस देश में एक भी लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्था नहीं बची है। लोकतंत्र के सभी स्तंभ ढह गए हैं।
जाने माने दस्तावेजी फिल्मकार बीजू टोप्पो ने कहा कि झारखंड में विस्थापन विरोधी आंदोलनों का लंबा इतिहास रहा है जो बताता है कि यह संघर्ष की जमीन है। हमने जल जंगल जमीन और भाषा संस्कृति को बचाने की लड़ाई लड़ी है और अपने गीत, कविता और नाटक के माध्यम से फासीवाद से लड़ रहे हैं।
प्रलेस के महादेव टोप्पो ने कहा कि फासीवाद अब कोई अटकल नहीं है, बल्कि नग्न तांडव कर रहा है। जैसा कि मार्क्सवादी एजाज अहमद कहते हैं, हर देश अपने ढंग के फासीवाद का हकदार होता है। भारत में सदियों से महिलाओं, दलितों, आदिवासियों के खिलाफ हिंसा से जो आंख चुराई गई उसने फासीवाद के लिए रेड कार्पेट बिछाया। उमर खालिद से फादर स्टेन स्वामी तक के मामले में निगरानी राज्य का क्रूर चेहरा सामने आया है। फासीवादी के खिलाफ लड़ाई में प्रलेस कंधा से कंधा मिलाकर लड़ने को तैयार है।
जम्मू विश्वविद्यालय के प्रो राशिद ने कहा कि आज ऐसी चीजें घटित हो रही हैं जिसके बारे में कुछ साल पहले तक सोचा भी नहीं जा सकता था, जैसे बाजार में पानी बिकना, नदी का प्रवाह रोका जाना। हम लोग बचपन में देशभक्ति का एक गीत सुना करते थे – बारूद के ढेर पर बैठी है ये दुनिया, तुम हर कदम उठाना जरा देख-भाल के। लेकिन आज स्थिति ये हो गई है कि हमारे कदम ठिठक गए हैं। उन्होंने गाजा में इजराइली बर्बरता और ईरान पर साम्राज्यवादी हमले पर भी बात की।
दस्तावेजी फिल्मकार संजय काक ने जनवादी संस्कृति कर्म के अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि डॉक्यूमेंट्री फिल्में पहले चंद लोगों तक सीमित थीं, लेकिन जब जनता के मुद्दों पर फ़िल्में बनने लगीं तो ऑडिटोरियम भरने लगे। लेकिन सत्ताधारी भी इसे देख रहे थे, धीरे धीरे अंकुश लगने लगे, स्क्रीनिंग रोकी जाने लगी। उन्होंने आज की पीढ़ी तक पहुंचने के लिए यूट्यूब, इंस्टाग्राम, फेसबुक जैसे नए मंचों का इस्तेमाल करने की सलाह दी। इन मंचों पर दक्षिणपंथी सक्रियता की काट जरूरी है।
जलेस के एम जेड खान ने कहा कि हम नाजुक दौर से गुजर रहे हैं। डर से लब खामोश हैं। पूंजीवाद पोषित सांप्रदायिक फासीवाद का नंगा नाच चल रहा है। गोलवलकर के सपनों का भारत बनाने के क्रम में एक खास समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। धर्म संसद से एक समुदाय के सफाए का खुला आह्वान किया जाता और हर तरफ खामोशी है। उन्होंने कहा कि देश को आज राजनीतिक से ज्यादा सांस्कृतिक आंदोलन की जरूरत है।
