रायपुर। गणेश विसर्जन के दौरान निकली झांकी में रातभर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। शारदा चौक से महादेवघाट तक निकली झांकी को देखने के लिए जयस्तंभ चौक समेत आसपास के इलाकों में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। झांकियों में विभिन्न धार्मिक प्रसंगों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया।
झांकियों में वासुकी नाग और गरुड़ के बीच युद्ध की थीम लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। वहीं एक झांकी में यमलोक में रावण के हमले का दृश्य दिखाया गया। दूसरी झांकी में भगवान श्रीकृष्ण को गरुड़ का घमंड तोड़ते हुए प्रस्तुत किया गया।
भीड़ में फंसी एंबुलेंस, महिला परिवार से बिछड़ी
झांकी मार्ग पर रातभर भारी भीड़ के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा। इसी दौरान एक एंबुलेंस भीड़ में फंस गई, जिसे पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। दुर्ग से आई एक महिला भीड़ के बीच अपने परिवार से बिछड़ गई। पुलिस सहायता केंद्र की टीम ने महिला की मदद कर उसे परिवार तक पहुंचाने में सहायता की।
तेज डीजे और धुमाल के कंपन से छज्जा गिरा
रायपुर के एमजी रोड स्थित मंजू ममता रेस्टोरेंट के पास तेज डीजे और धुमाल के कंपन के कारण एक दुकान की छत का छज्जा गिर गया। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में तेज डीजे की आवाज के बीच लोग नाचते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें रोकती नजर आ रही है। एक व्यक्ति ने तेज डीजे की आवाज को लेकर शिकायत भी की। इस दौरान कई समितियों द्वारा फिल्मी गाने बजाए जाने की बात भी सामने आई।
वाहनों की एंट्री बंद, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
झांकी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की एंट्री बंद रखी गई थी। यातायात पुलिस ने पहले ही एडवाइजरी जारी की थी। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद ली गई। डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी नियम निर्धारित किए गए थे।
चेकिंग में शराब की बोतलें जब्त
तेलघानी नाका से शारदा चौक तक चेकिंग के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में कड़े और देशी शराब की बोतलें जब्त कीं। झांकी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात रहीं।
