डोंगरगढ़। शादी का झांसा देकर युवती के साथ अलग-अलग स्थानों पर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने के आरोप में डोंगरगढ़ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 15 अगस्त को थाना डोंगरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका आरोपी शिवम योगी (26 वर्ष), पिता मुकेश नाथ योगी, निवासी ग्राम उरईडबरी, थाना ठेलकाडीह, जिला केसीजी (छत्तीसगढ़) के साथ पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे शादी करने का भरोसा दिलाकर जून 2026 में ग्राम मुरमुंदा स्थित पूर्वी लॉज, थाना डोंगरगढ़ क्षेत्र में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद 2 अगस्त 2026 को भोरमदेव घूमने के दौरान कवर्धा क्षेत्र में भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।
शादी से इनकार किए जाने के बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत थाना डोंगरगढ़ में की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 451/26, धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
लगातार की जा रही थी आरोपी की तलाश
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार पता तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने 21 सितंबर 2026 को आरोपी शिवम योगी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
