रायपुर। संकल्प सांस्कृतिक समिति की डायरेक्टर मनीषा शर्मा के निर्देशन में संकल्प द्वारा संचालित SLCA के माध्यम से नशा मुक्ति एवं उससे संबंधित उपचार विषय पर तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन रायपुर के तेलीबांधा स्थित होटल रॉयल इन में किया गया।
इस प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में नशा मुक्ति एवं नशा उन्मूलन के क्षेत्र में कार्यरत 36 संस्थाओं के काउंसलर, आउटरीच वर्कर एवं सोशल वर्कर शामिल हुए। प्रशिक्षण का उद्देश्य नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों के उपचार, पुनर्वास, परामर्श तथा समुदाय स्तर पर प्रभावी हस्तक्षेप के लिए कार्यकर्ताओं की क्षमता को और मजबूत करना रहा।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में नशा मुक्ति के क्षेत्र में दक्षता एवं अनुभव रखने वाले मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रतिभागियों को अलग-अलग सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में IRCA, ODIC एवं CBPLI के अंतर्गत कार्यरत काउंसलर, सोशल वर्कर और आउटरीच वर्करों को नशा मुक्ति से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
मास्टर ट्रेनरों ने प्रतिभागियों को नशे की रोकथाम, नशा पीड़ितों की पहचान, प्रभावी काउंसलिंग, उपचार से संबंधित प्रक्रियाओं, पुनर्वास तथा जरूरतमंद लोगों तक सेवाएं पहुंचाने के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक स्तर पर आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर भी मार्गदर्शन दिया गया।
आयोजकों के अनुसार, इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के मानव संसाधन को प्रशिक्षित कर उन्हें और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि नशे की समस्या से प्रभावित लोगों को बेहतर परामर्श, उपचार एवं पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
