बिलासपुर/तखतपुर। तखतपुर बस स्टैंड स्थित सत्यम स्वीट्स में बासी समोसा परोसे जाने की शिकायत करना एक ग्राहक को भारी पड़ गया। शिकायत से नाराज होटल संचालक और उसके साथियों पर ग्राहक के साथ मारपीट करने का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंची ग्राहक की बहन के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता किए जाने की बात सामने आई है। घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मरका निवासी दीपक कुमार जायसवाल मंगलवार शाम अपनी बहन, जीजा, भांजी और छोटे भाई के साथ बिलासपुर से गांव लौट रहे थे। रास्ते में परिवार तखतपुर बस स्टैंड स्थित सत्यम स्वीट्स में नाश्ता करने के लिए रुका था। इस दौरान दीपक का छोटा भाई और भांजी नाश्ता कर रहे थे।
नाश्ते के दौरान समोसा खराब होने की शिकायत की गई। इसके बाद दीपक ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन से इसकी शिकायत की। आरोप है कि शिकायत सुनकर संचालक नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। दीपक ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।
संचालक और साथियों पर मारपीट का आरोप
आरोप है कि इसके बाद होटल संचालक और उसके साथियों ने दीपक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। विवाद होता देखकर दीपक की बहन मौके पर पहुंची और भाई को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान उसके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता किए जाने का आरोप है। मारपीट में दीपक के गले सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित ने तखतपुर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
पुलिस ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन और उसके साथियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ली है।
