रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी किया गया है। इस मामले में पुलिस ने इंस्टाग्राम पेज होल्डर समेत दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, शिकायत रायपुर निवासी राष्ट्रवादी विचारक वीरेंद्र दुबे ने की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर ‘सागर निर्मलकर’ नाम की आईडी से एक वीडियो पोस्ट किया गया था।
आरोप है कि इसी वीडियो के कमेंट बॉक्स में @quail.3131469 नाम की आईडी से मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्रियों के खिलाफ कथित तौर पर अश्लील और गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट और तकनीकी सबूतों की जांच कर रही है।
अपमानजनक टिप्पणी पर कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने पुलिस से दोनों संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की नीतियों और कार्यों की आलोचना करने का अधिकार सभी को है, लेकिन अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है।
सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका
शिकायत में कहा गया है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आदिवासी समुदाय से आते हैं। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि इस तरह की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अकाउंट की तकनीकी जांच
FIR दर्ज होने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो और कमेंट से जुड़ी जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। पुलिस दोनों सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
इसके लिए तकनीकी साक्ष्यों और अन्य डिजिटल जानकारी को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
