रायपुर। सड़क सुरक्षा और नशामुक्त समाज का संदेश लेकर सोमवार को शंकर नगर चौक पर जागरूकता अभियान चलाया गया। संकल्प सांस्कृतिक समिति की डायरेक्टर मनीषा शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में ‘हेलमेट अपनाएं, नशा नहीं’ का संदेश दिया गया। संकल्प नशा मुक्ति केंद्र, SLCA, ODIC, CBPLI प्रोजेक्ट और 36 गढ़ कॉलेज के MSW छात्र-छात्राओं ने अभियान में सहभागिता की।
अभियान के दौरान टीम ने चौक से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों और आम लोगों को हेलमेट पहनने के फायदे बताए। वाहन चालकों से अपील की गई कि दोपहिया चलाते समय हेलमेट को महज यातायात नियम नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी समझकर अपनाएं। साथ ही युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
नशे के खिलाफ भी दिया संदेश
जागरूकता कार्यक्रम में युवाओं को विशेष रूप से नशे की आदत से बचने और अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। आयोजकों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है, वहीं स्वस्थ समाज के लिए नशे से दूरी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

ट्रैफिक विभाग ने की सराहना
अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करने के प्रयास की ट्रैफिक विभाग ने भी सराहना की। आयोजकों ने बताया कि सामाजिक संस्थाओं और विद्यार्थियों की सहभागिता से जनजागरूकता का संदेश अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचता है। अभियान के माध्यम से सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
