मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में जिला मुंगेली पुलिस द्वारा “साइबर जागृति अभियान” के तहत विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव और कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दशरंगपुर तथा 20 अगस्त 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोना, थाना जरहागांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों कार्यक्रमों में लगभग 1000 विद्यार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं टीम द्वारा विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा फर्जी कॉल और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से सतर्क रहने की समझाइश दी गई।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों और परिवारजनों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। यातायात एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई।
पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को POCSO एक्ट एवं नए आपराधिक कानूनों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों एवं टीम के साथ उत्साहपूर्वक “जागरूकता की एक सेल्फी” ली और साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
मुंगेली पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे “साइबर जागृति अभियान” का संदेश अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाएं और स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहते हुए दूसरों को भी जागरूक करें। पुलिस द्वारा जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान निरंतर जारी रखने की बात कही गई।
