पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले में गौरेला क्षेत्र के भदौरा गांव में शराब के नशे में एक युवक द्वारा जहरीले सांप के साथ खतरनाक करतब करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, संतराम भैना नामक युवक ने पड़ोसी के घर में घुसे जहरीले सांप को पकड़कर गले में लपेट लिया और गांव में घूमने लगा। इस दौरान सांप ने युवक को कई बार डस लिया।
परिजन कर रहे तलाश
सांप के डसने के बाद संतराम पर जहर का असर दिखाई देने लगा। ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही वह अस्पताल से निकल गया। इसके बाद से परिजन उसकी तलाश में जुटे हैं और उसकी हालत को लेकर चिंतित हैं।
विशेषज्ञों ने इलाज में देरी को बताया जानलेवा
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक सांप को गले में लपेटकर घूमता नजर आ रहा है। घटना ने एक बार फिर जहरीले जीव-जंतुओं के साथ लापरवाही से खिलवाड़ करने के खतरनाक परिणामों को सामने ला दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार, सांप के काटने की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय उपचार बेहद जरूरी है। ऐसे मामलों में झाड़-फूंक या इलाज में देरी जानलेवा साबित हो सकती है।
