रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला मामले में ED की रेड पड़ी है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी में सुबह ED के अफसरों ने दबिश दी। अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच जारी है।
रायपुर में कांंग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के अनुपम नगर स्थित निवास पर जांच चल रही है। वहीं रवि नगर स्थित कारोबारी अनूप अग्रवाल के घर पर भी दबिश दी गई है। अनूप अग्रवाल रामगोपाल अग्रवाल के करीबी माने जाते हैं।
सुबह ED की टीम उनके घर पहुंची और दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच शुरू की। 8 दिन पहले ही ईडी ने रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर रायपुर कोर्ट में पेश किया था।
धमतरी में शराब, कोल और कस्टम मिलिंग घोटाले में आरोपी रामगोपाल अग्रवाल के सिहावा रोड स्थित आवास और उनके भतीजे के घर भी जांच चल रही है। तड़के पहुंची टीम में करीब 8 से 10 अधिकारी शामिल हैं, जो घर के अंदर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।
वहीं दुर्ग में बिल्डर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के घर पर सुबह करीब 6 से 7 बजे ED की टीम पहुंची। करीब 5 अफसरों की टीम यहां जांच कर रही है। हालांकि यहां रेड किस मामले में की गई है यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
रामगोपाल अग्रवाल के भतीजे घर जुटे कांग्रेसी
धमतरी में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के घर ED की दबिश के बाद कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही विधायक ओंकार साहू, धमतरी शहर ब्लॉक अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व महापौर समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता उनके निवास के बाहर जुटे हैं।
